ब्रेकिंग न्यूज
logo
add image
Blog single photo

नगर सरकार ने ली पद और गोपनीयता की शपथ : शहर की चुनौतियों से होगा सामना, खजाना है खाली और उम्मीदें हैं ढेर सारी

उज्जैन। नगर सरकार का शपथ ग्रहण शुक्रवार को संपन्न हो गया। महापौर सहित भाजपा पार्षदों ने इस दौरान शपथ ली। इसके पूर्व महापौर मुकेश टटवाल ने क्षिप्रा में स्नान किया और बाबा महाकालेश्वर के दर्शन किए। कलेक्टर आशीष सिंह ने महापौर सहित भाजपा के 37 पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं कांग्रेस के पार्षद इसमें शामिल नहीं हुए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार पार्टी के पार्षद नगर निगम अध्यक्ष चुनाव के पहले नगर निगम में शपथ ग्रहण करेंगे।

कालिदास अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में महापौर के साथ भाजपा पार्षदों की शपथ ग्रहण हुई। महापौर के तौर पर मुकेश टटवाल ने महापौर पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ भाजपा के करीब 37 पार्षदों ने भी शपथ ली। नवनिर्वाचित महापौर मुकेश टटवाल ने शपथ ग्रहण के पहले शिप्रा स्नान किया। यहां सफाईकर्मियों का स्वागत कर कहा कि मैं तो केवल महापौर हूं आप सभी के साथ मिलकर शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाना है। इसके बाद वे महाकाल मंदिर एवं अन्य देव स्थानों पर दर्शन करने पहुंचे।

शपथ विधि समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन 5 अगस्त हमारे लिये ऐतिहासिक दिन है। शहर विकास के लिये केन्द्र सरकार, राज्य सरकार और नगर सरकार तीनों मिलकर बेहतर मिलजुल कर ईमानदारी से कार्य करेंगे। हमारा शहर अब महानगर की ओर आबादी के हिसाब से बढ़ रहा है। जनता का आशीर्वाद मिला है तो हम सब मिलकर बगैर भेदभाव के श्रेष्ठ कार्य करेंगे और सबको साथ लेकर शहर का विकास करेंगे। पूर्व सांसद चिन्तामणि मालवीय, अनिल जैन कालूहेड़ा, आचार्य शेखर जी महाराज आदि ने अपने-अपने विचार प्रकट करते हुए नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदगणों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सब मिलजुल कर प्राथमिकता वाले कार्य पहले करें। जहां संभव है वहां पर अतिक्रमण को हटाया जायेगा। जनता की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म होना चाहिये।

शपथ का पालन करूंगा-टटवाल

नवनिर्वाचित महापौर  मुकेश टटवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज जो शपथ ली है उस शपथ के एक-एक शब्द का सख्ती से पालन करूंगा। धार्मिक नगरी होने के कारण शहर का अत्यधिक विकास किया जायेगा। उज्जैन नगर पालिक निगम में सुशासन हो, यह पहले काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं सभी वार्डों में एक नम्बर से 54 वार्ड का भ्रमण करूंगा तथा जिन वार्डों में प्राथमिकता वाले काम होंगे, उन्हें पहले किया जायेगा। सिंहस्थ भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जायेगा। शहर की यातायात व्यवस्था को भी दुरूस्त करने का प्रयास किया जायेगा। शहर की आम समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुलझाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने आव्हान किया कि शहरवासी एक-दूसरे से मिलने पर जय श्री महाकाल के उद्बोधन के साथ मिलें। उज्जैन हम सबका है, इसलिये हम सबकी भागीदारी एवं सहयोग की अपेक्षा के साथ कार्य किया जायेगा। शहर को स्वच्छता के मामले में नम्बर-1 लाने का हरसंभव प्रयास किया जायेगा तथा आने वाले समय में घर-घर तिरंगा अभियान के तहत शहरवासी अपने-अपने घरों में झंडा लगायेंगे।

निगम से जनता को है उम्मीदें

बीते लगभग ढाई सालों से नगर निगम में अफसरों का ही राज चलता रहा था। अब शहर के 54 वार्ड पार्षदों के साथ महापौर की भी ताजपोशी हो गई है। जिनके हाथ में जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को हल करने की चुनौतियां होंगी। नगर निगम का खजाना तो खाली है ही, वहीं जनता की उम्मीदें ढेर सारी हैं। नगर निगम से आम जनता को सबसे अधिक उम्मीदें इसलिए रहती है कि सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक की अधिकांश सुविधाएं-समस्याएं निगम से ही जुड़ी रहती हैं। सडड़, ड्रैनेज, पानी, प्रकाश, साफ-सफाई से लेकर तमाम सुविधाएं निगम को ही मुहैया करवाना होती है।

ताजा टिप्पणी

टिप्पणी करे

Top